गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने अब पूर्वांचल के जिलों पर फोकस बढ़ा दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को गोरखपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक शुरू हुई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तीन मंडलों के 11 जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी बैठक में मौजूद रहे।
11 जिलों की चुनावी तैयारियों की हो रही समीक्षा

बैठक के पहले दिन गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के जिलों की निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर शामिल हैं।
संबंधित जिलों के अधिकारियों की ओर से पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी जा रही है।
मतदाता सूची से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक पर नजर
आगामी चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की स्थिति, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।
इसके साथ ही सुरक्षा बलों की उपलब्धता और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर भी चर्चा हो रही है। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी संबंधित जिलों की प्रस्तुतियों के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
शुक्रवार को छह अन्य जिलों की बारी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार 27 नवंबर को आजमगढ़ और विंध्याचल मंडलों के छह जिलों की तैयारियों की समीक्षा होगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र शामिल हैं।
इस समीक्षा अभियान का उद्देश्य चुनाव की घोषणा से पहले ही जिलों की तैयारियों का आकलन करना और निर्वाचन व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कराना है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













