जुबिली इंटर कॉलेज में दो दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित
गोरखपुर। जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में पिपरौली ब्लॉक के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। भटहट ब्लॉक की टीम उपविजेता रही, जबकि कैंपियरगंज ने तीसरा स्थान हासिल किया। जुबिली इंटर कॉलेज, बक्शीपुर में आयोजित परिषदीय विद्यालयों की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
पिपरौली ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, भटहट रहा दूसरे स्थान पर
जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो सहित कई खेलों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में पिपरौली ब्लॉक के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा और टीम ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। भटहट ब्लॉक की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं कैंपियरगंज की टीम तीसरे स्थान पर रही।
यह भी पढ़ें 👉 छठ महापर्व की तैयारियां : 4 स्थलों का निरीक्षण, बेहतर व्यवस्था के निर्देश
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
व्यक्तिगत चैंपियनशिप के प्राथमिक बालक वर्ग में पिपरौली के अंशु और भटहट के दिनेश ने चैंपियनशिप हासिल की। प्राथमिक बालिका वर्ग में भरोहिया की रूपी चैंपियन बनीं।
जूनियर बालक वर्ग में पिपरौली के आदर्श और भटहट के पंकज ने चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में पिपरौली की साक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
दौड़, पीटी, योगासन और खो-खो में भी दिखा खिलाड़ियों का दम
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में अंजलि और पंकज प्रथम रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में सलोनी और रविकांत ने पहला स्थान हासिल किया।
अन्य खेल प्रतियोगिताओं में पीटी में पिपरौली की टीम विजेता रही। योगासन में पिपराइच ने बाजी मारी। खो-खो के बालिका वर्ग में उरुवा और बालक वर्ग में भटहट की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बीएसए की अध्यक्षता में हुआ समापन समारोह
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षिका रीना सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक श्रवण यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और प्रतियोगिता से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
भटहट की उपविजेता टीम को शिक्षकों ने दी बधाई
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भटहट ब्लॉक की टीम के उपविजेता बनने पर शिक्षक संगठनों और शिक्षकों ने खुशी जताई। जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, ब्लॉक संरक्षक जितेंद्र सिंह, अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष रामकिशुन गुप्ता, मंत्री जितेंद्र कुमार मिश्रा, मीडिया प्रभारी रमेश मणि त्रिपाठी, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह, अनिल कुमार पांडेय द्वितीय, मनीष सिंह, मनोज कुमार, कौशल कुशवाहा, अमरजीत चौधरी, दिलीप कसौधन, अभिमन्यु तिवारी, मुकेश कुमार, गाजी सैय्यद आला और मनोज कुमार सिंह सहित सैकड़ों शिक्षकों ने खिलाड़ियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।
शिक्षक नेताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनपद स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली पिपरौली की टीम मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार खेल दिखाकर गोरखपुर का नाम रोशन करेगी।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर सबसे पहले













