गोरखपुर। सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने छठ महापर्व के अवसर पर गोरखपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश, देश और विदेशों में रह रहे भारतीयों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठ व्रत रखने वाली माताओं और बहनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सांसद रवि किशन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य की उपासना को समर्पित यह महापर्व श्रद्धा, विश्वास, त्याग, तपस्या और आत्मसंयम का प्रतीक है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और उदीयमान सूर्य का अभिनंदन करने की परंपरा हमारी सनातन संस्कृति की विशेष पहचान है।

उन्होंने कहा कि चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में माताओं और बहनों की अटूट श्रद्धा, संकल्प और समर्पण भारतीय नारी शक्ति की अद्भुत मिसाल है। छठ पूजा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के मंगल और समाज के कल्याण की कामना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण लोकपर्व है।
सांसद ने भगवान सूर्यदेव और छठी मईया से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और खुशहाली बनी रहे। हर परिवार की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना और मजबूत हो।













