30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराएं परिवार का विवरण, प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी यूनिक SE ID
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, स्व-गणना करने वाले परिवारों को उपलब्ध करानी होगी अपनी SE ID
गोरखपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवार से संबंधित विवरण दर्ज कर जनपदवासियों को भी इस अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त तपन मिश्रा और एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश ने आवश्यक सहयोग किया।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मोबाइल फोन अथवा लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और समाज के विकास की योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही और पूरी जानकारी दर्ज होना आवश्यक है।

30 नवंबर तक है स्व-गणना का अवसर
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन कर सकते हैं। मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन और निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोर्टल पर पूछे गए सवालों के जवाब भरकर स्व-गणना जमा की जा सकती है।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस चरण में 40 अधिसूचित प्रश्नों के माध्यम से परिवार और व्यक्तियों से संबंधित विवरण जुटाए जाएंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद एक विशिष्ट सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी यानी SE ID जारी होगी।
SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी
जिलाधिकारी ने नागरिकों को सलाह दी कि स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखें। इसे मोबाइल में सेव करने के साथ लिखकर भी रखा जा सकता है। एक दिसंबर से जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब स्व-गणना करने वाले परिवारों को अपनी SE ID उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना नहीं की होगी, उनके घर पहुंचकर प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दर्ज करेंगे। इसलिए ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाने वाले परिवारों को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन का चरण निर्धारित किया गया है। इस चरण की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का अभियान है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में उपयोगी होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 नवंबर तक स्व-गणना पूरी करने और प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













