गांव के बाहर खेत की ओर पेड़ से लटका मिला शव, सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोला बाजार, गोरखपुर | 17 नवंबर। गोला थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में मंगलवार को 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गांव के बाहर खेत की ओर एक पेड़ पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान जगदीशपुर गांव निवासी नेबू लाल गौड़ (50) पुत्र स्वर्गीय रामसमुझ गौड़ के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय नेबू लाल गौड़ के नशे की हालत में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, उन्होंने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नेबू लाल गौड़ अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। बताया गया कि एक पुत्र और दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अविवाहित हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













