गोला थाना क्षेत्र के कालानी गांव की घटना, धारदार हथियार से हमला करने और तीन लोगों का सिर फोड़ने का आरोप; एक घायल के तीन दांत टूटने की भी शिकायत
गोला बाजार, गोरखपुर |गोला थाना क्षेत्र के कालानी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर तीनों के सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। एक घायल के तीन दांत टूटने की भी बात कही गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाजार से लौटते समय रास्ता रोकने का आरोप
प्राप्त विवरण के अनुसार, कालानी गांव निवासी स्वतंत्र पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि 15 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे उनके मित्र हेमंत दुबे बाजार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में अपने घर के सामने इशहाक अली और उनके पुत्र सरफुद्दीन ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के मुताबिक, इसके बाद हेमंत दुबे ने अपने भाई दीपक को फोन किया। दीपक, स्वतंत्र पांडेय और विपिन प्रजापति के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां इशहाक पुत्र रमजान, सरफुद्दीन पुत्र इशहाक, कमरुद्दीन पुत्र इशहाक, सुहैल पुत्र मैनुद्दीन, विक्की पुत्र मैनुद्दीन, आवाज पुत्र मल्लुद्दीन और निशार पुत्र निजामुद्दीन सहित 10 से 12 अज्ञात लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंच गए।
हमले में तीन लोगों के घायल होने की शिकायत

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त लोगों ने स्वतंत्र पांडेय, हेमंत दुबे और विपिन प्रजापति के साथ मारपीट की। हमले में तीनों के सिर पर चोटें आईं। स्वतंत्र पांडेय ने अपनी तहरीर में अपने तीन दांत टूटने की बात भी कही है। आरोप है कि शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गोला पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 115(2), 351(3), 352, 117(2) और 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













