गोला थाना क्षेत्र के देवकली वार्ड नंबर 15 की घटना, पारिवारिक विवाद की बात आई सामने; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोला बाजार, गोरखपुर | 17 नवंबर। गोला थाना क्षेत्र के देवकली वार्ड नंबर 15 में मंगलवार की सुबह 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के पास स्थित एक मकान में मिला। पड़ोस की एक महिला ने उसे देखा तो परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सुबह पड़ोस की महिला ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर देवकली गांव का निवासी था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोर भी टेंट आदि के कार्य में मजदूरी करता था।
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह पड़ोस की एक महिला ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में देखा। महिला की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कुछ माह पहले किशोर ने परिवार के सामने गांव की एक युवती के साथ विवाह करने की इच्छा जताई थी। इस बात को लेकर परिवार में मतभेद चल रहा था। सोमवार शाम को भी इसी मुद्दे पर विवाद होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













