ताला तोड़कर 1.30 लाख रुपये नकद और करीब तीन लाख के सोने-चांदी के आभूषण ले गए चोर, पीआरकेएस के यूथ अध्यक्ष देवेश सिंह ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र की रेलवे डेयरी कॉलोनी में चोरों ने एक रेलकर्मी के आवास को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संगठन (पीआरकेएस) के यूथ अध्यक्ष देवेश सिंह छठ पर्व मनाने के लिए अपने परिवार के साथ बिहार के सिवान जनपद स्थित नवादा गांव गए हुए थे। गुरुवार को जब वह परिवार सहित वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और लोहे की अलमारी भी टूटी हुई थी। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
ताला तोड़कर नकदी और आभूषण समेट ले गए चोर
देवेश सिंह के मुताबिक, उनका आवास रेलवे डेयरी कॉलोनी के लेन नंबर चार में मकान संख्या 610 बी है। उन्होंने शाहपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 17 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
चोरी गए सामान में 1 लाख 30 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, लॉकेट, पांच सोने की अंगूठियां, चांदी की पांच जोड़ी पायल, चांदी के तीन आभूषणों वाला सेट, चांदी की बिछिया सहित अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
पुलिस से मुकदमा दर्ज कर खुलासे की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की अपील की है।
कॉलोनी में बढ़ी सुरक्षा को लेकर चिंता
रेलवे डेयरी कॉलोनी में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जाना चाहिए।
अब निगाहें शाहपुर पुलिस की कार्रवाई पर हैं कि वह इस मामले में कितनी जल्द चोरों तक पहुंचती है और पीड़ित को चोरी गए सामान की बरामदगी से राहत मिल पाती है या नहीं।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













