गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला सर्किल में करीब 17 महीने तक सेवाएं देने के बाद क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार अब कैंपियरगंज में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ की ओर से किए गए पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण के क्रम में उनका तबादला कैंपियरगंज सर्किल के लिए किया गया है। उनके स्थानांतरण की खबर के बाद गोला में पुलिसकर्मियों ने विदाई समारोह आयोजित कर उनके कार्यकाल की यादें साझा कीं।

दरवेश कुमार ने 7 जुलाई 2025 को तत्कालीन सीओ मनोज पांडेय के स्थानांतरण के बाद बांसगांव से आकर गोला सर्किल का कार्यभार संभाला था। लगभग 17 महीने के कार्यकाल में उन्होंने सर्किल क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई।
गोला की यादें हमेशा रहेंगी साथ
विदाई समारोह में अपने अनुभव साझा करते हुए सीओ दरवेश कुमार ने कहा कि गोला में बिताए 17 महीने कब गुजर गए, इसका पता ही नहीं चला। यहां के लोगों और पुलिसकर्मियों से उन्हें परिवार जैसा अपनापन मिला। उन्होंने कहा कि अब कैंपियरगंज में नई जिम्मेदारी मिली है और वहां भी पूरे उत्साह के साथ काम करेंगे। गोला में बिताए दिनों की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
पुलिसकर्मियों ने साझा किए अनुभव
समारोह में थाना प्रभारी निरीक्षक गोला सीपी पांडेय, बड़हलगंज के इंस्पेक्टर क्राइम विनय यादव, क्षेत्राधिकारी कार्यालय के कर्मचारी तथा गोला सर्किल के तीनों थानों के उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सीओ के साथ काम करने के अनुभव साझा किए और उनके नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













