गोलाबाजार, गोरखपुर। संविधान दिवस के अवसर पर ककरही स्थित आनन्द विद्यापीठ इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी दो महान विभूतियों की स्मृतियों को संवारने की पहल की गई। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केशभान राय और पंडित रामलखन शुक्ल की प्रतिमाओं के सुंदरीकरण एवं गुंबद निर्माण कार्य का वर्चुअल शिलान्यास किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन भी प्रसारित किया गया।

कार्यक्रम में चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर, स्व. केशभान राय और पंडित रामलखन शुक्ल की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई गई।
महापुरुषों की विरासत को संजोना जरूरी: राजेश त्रिपाठी
विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि महापुरुषों को सम्मान देना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने स्व. केशभान राय और पंडित रामलखन शुक्ल के योगदान को याद करते हुए कहा कि दोनों स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ गांधीवादी विचारधारा से जुड़े चिंतक और दूरदर्शी शिक्षाविद् भी थे।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच ककरही जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इंटर कॉलेज की स्थापना करना उनकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आज यही संस्थान पूर्वांचल में शिक्षा के प्रमुख केंद्रों में शामिल होकर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दे रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रतिमाओं का सुंदरीकरण और गुंबद निर्माण होने से इन विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने और शिक्षा के जरिए समाज के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रबंधक रवि प्रताप राय और प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन विद्यालय के प्रवक्ता एवं एनसीसी अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक अनिल कुमार राय, रजनीश नारायण सिंह, सतांशु राय, बीरेन्द्र, अनूप राय, विश्वजीत ओझा, दीपक सिंह, नागेंद्र शर्मा, अमित पासी, अरुण प्रकाश राय, रामकृपाल सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













