रामजानकी मार्ग पर चंदौली गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे; दोनों घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
गोला बाजार, गोरखपुर। 23 नवंबर। गोला थाना क्षेत्र के चंदौली गांव के पास रामजानकी मार्ग पर रविवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजनीश (22) पुत्र हरिचन और शिवशंकर (26) पुत्र मुन्ना बेलदार बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रामजानकी मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहले एक घायल को पहुंचाया गया अस्पताल, फिर मिला दूसरा युवक
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पहले घायल रजनीश को देखा और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला भिजवाया। कुछ देर बाद पता चला कि बाइक पर सवार दूसरा युवक शिवशंकर भी घटनास्थल पर गंभीर हालत में पड़ा है।
इसी बीच सूचना पर पहुंची शेरनी दस्ते की दो महिला कांस्टेबलों ने एक निजी वाहन को रुकवाया और घायल शिवशंकर को उपचार के लिए गोला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।
हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
परिजन शिवशंकर को पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भर्ती करने से इनकार किए जाने के बाद उसे सीएचसी गोला लाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













