सुबह टहलने निकले लोगों की पड़ी नजर, जप्ती गांव के पास पुल के नीचे पानी में उतराता मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के जानीपुर चौकी अंतर्गत ग्राम जप्ती के पूरब स्थित तरैना नाले के पुल के नीचे रविवार तड़के करीब तीन माह के अज्ञात शिशु का शव पानी में उतराता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ लोग जप्ती गांव के पूरब तरैना नाले पर बने पुल की ओर टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर पुल के नीचे पानी में उतराती एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह एक शिशु का शव निकला। शिशु ने लाल रंग का स्वेटर पहन रखा था।
लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जानीपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले के पानी से बाहर निकलवाया।
शिशु की पहचान नहीं हो सकी
पुलिस के अनुसार, मृत शिशु की उम्र करीब तीन माह बताई जा रही है। वह लड़का है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिशु का शव नाले में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही शिशु की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













