खाना बनाने को लेकर घर में हुई थी कहासुनी, घर से निकली 20 वर्षीय श्वेता का गंगवल गांव के तालाब में मिला शव
गोला बाजार, गोरखपुर | 15 नवंबर। गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के तेंदुहानी गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। खाना बनाने को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 20 वर्षीय युवती की गांव के पास स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान तेंदुहानी गांव निवासी हीरालाल की पुत्री श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

खाना बनाने को लेकर मां ने लगाई थी डांट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह घर में खाना बनाने को लेकर श्वेता की मां ने उसे कुछ कहा था। इसी बात से नाराज होकर श्वेता घर से बाहर निकल गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद उसकी मां खुद बेटी की तलाश में निकल पड़ी।
परिजन और ग्रामीण आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि श्वेता गंगवल गांव के पास स्थित तालाब में डूब गई है। यह खबर सुनते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल तालाब के पास पहुंचे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटी की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल
श्वेता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटी को सुबह तक मां घर में देख रही थी, उसकी मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर













