फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू, शाहपुर के रामजानकी नगर में हुआ हादसा
गोरखपुर। दीपावली पर खुशियों के बीच आतिशबाजी की लापरवाही कुछ लोगों के लिए भारी पड़ गई। शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित रामजानकी नगर में पटाखों से निकली चिंगारी की वजह से तीन कारों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां खड़ी ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर तथा बोलेरो कार इसकी चपेट में आ गईं।
देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गईं कारें
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आतिशबाजी के दौरान पटाखे की चिंगारी कारों तक पहुंची, जिसके बाद आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय के अनुसार, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। प्राथमिक जानकारी में पटाखों की चिंगारी को आग लगने की वजह बताया गया है।
त्योहारी सीजन में हुई इस घटना ने एक बार फिर आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है। खड़ी गाड़ियों, घरों और ज्वलनशील सामान के आसपास पटाखे जलाने से बचना चाहिए।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर सबसे पहले













