Monday, May 20, 2024
लखनऊ: : भदोही की ज्ञानपुर सीट से पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्रा की बहू रूपा मिश्रा का लखनऊ स्थित फ्लैट आज कुर्क होगा। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी में स्थित इस फ्लैट की कीमत 11.55 करोड़ है। कार्रवाई के लिए भदोही पुलिस लखनऊ पहुंच चुकी है।
भदोही पुलिस प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
आज लखनऊ में भदोही पुलिस प्रशासन ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। पेशेवर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सफेदपोश माफिया, गैंग लीडर अभियुक्त विजय कुमार मिश्र की आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से खरीदी गई सम्पत्ति को कुर्क करने का आदेश पारित किया गया है। कार्रवाई के लिए भदोही पुलिस और प्रशासन लखनऊ पहुंच गया है।
अवैध रूप से प्राप्त धन से खरीदा था फ्लैट
दरअसल, संपत्ति पर कब्जा करने और युवती से दुष्कर्म सहित अन्य मामले में बाहुबली विजय मिश्रा की बहु रूपा मिश्रा के नाम 11 करोड़ 55 लाख के फ्लैट को जिलाधिकारी ने कुर्क करने का आदेश दिया है। भदोही के जिलाधिकारी गौरांग राठी ने ये आदेश दिया है। ऐसी जानकारी है कि, विजय मिश्रा ने अवैध धन को वैध करने के लिए फ्लैट खरीदा था जिसे गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जाएगा। प्रशासन द्वारा विजय मिश्रा और गैंग से संबंधित लोगों की 45 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
GPN News | All right Reserved 2024