गोरखपुर | शुक्रवार
नगर पंचायत पिपराइच के अधिशासी अधिकारी के पद पर पूजा सिंह परिहार ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पूजा सिंह ने कुर्सी पर बैठते ही अपने तेवर दिखाए और कार्यालय में तैनात कर्मियों के साथ बैठक कर कहा कि सभी लोग अपनी पुरानी आदतों में सुधार ले आएं और शासन की मंशा के अनुरूप अपने कार्य में जुट जाएं।

9 साल बाद वापसी: पुराने तेवर और अनुशासन पर जोर
आपको बताते चलें कि लगभग 9 वर्ष पूर्व पूजा सिंह परिहार ने नगर पंचायत पिपराइच से अपनी सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय अपनी पहली पोस्टिंग पर पिपराइच की ईओ पूजा सिंह परिहार ने सबसे पहले कार्यालय के अभिलेख भंडार कक्ष व नगर की सफाई व्यवस्था तथा जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया था। उसके बाद सभी कर्मचारियों की बैठक कार्यालय पर बुलाई तथा कहा कि कार्यालय के कागजात, फाइलें और सफाई के सामानों के रखने की व्यवस्था में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जो क्षम्य नहीं है।
लापरवाही पर नकेल: एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
शुक्रवार को अपने पुराने तेवर में ही नवागत ईओ ने कहा कि वह अपना काम पूरी ईमानदारी से करना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने सभी जिम्मेदारों को सुधरने तथा मांगे गए अभिलेखों को एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बहरहाल, पिपराइच में नई ईओ के आने के बाद से एक तरफ जहां कार्यालय का माहौल बदला सा नजर आने लगा है और पुरानी ईओ की तैनाती की सूचना पर तमाम नगरवासियों में उत्साह नजर आया, तो वहीं नगर पंचायत के कुछ खास कर्मियों के चेहरे का रंग उतर गया है जो अभी तक यहां के सर्वेसर्वा हुआ करते थे।
Read more news: न्यायालय के आदेश पर एससी-एसटी का मुकदमा हुआ दर्ज













