वीआईपी मूवमेंट और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान; भारी वाहनों की नो-एंट्री रात 11 बजे खुलेगी
गोरखपुर। शहर में 4 नवंबर को वीआईपी मूवमेंट और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने इसके लिए विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात पुलिस के मुताबिक, यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को बदले हुए रूट की जानकारी रखना जरूरी होगा।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
यातायात पुलिस की ओर से जारी योजना के अनुसार—
- टीपी नगर से टीडीएम अहलादपुर की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहन रुस्तमपुर चौराहा और पैडलेगंज चौराहा होकर जाएंगे।
- शास्त्री चौराहा से कचहरी की ओर जाने वाले वाहनों को अंबेडकर चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
- घोष कंपनी से टाउनहाल की ओर आने वाले वाहन शास्त्री चौराहा की तरफ डायवर्ट रहेंगे।
- अग्रसेन तिराहा से टाउनहाल जाने वाले वाहनों को जुबली तिराहा और बक्सीपुर होकर जाना होगा।
- विजय चौराहा से गणेश चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को सुमेर सागर की तरफ मोड़ा जाएगा।
- सिटी मॉल तिराहा से गणेश चौक की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को कर्मेलगली रोड से भेजा जाएगा।
इसके अतिरिक्त असुरन चौराहा, हठी माई तिराहा, पुलिस लाइन तिराहा और यातायात तिराहा समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए कई स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें विश्वविद्यालय मैदान, गोरखपुर क्लब, नेपाल क्लब, पुलिस कार्यालय, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास स्थित मैदान, कचहरी क्लब और मल्टीलेवल पार्किंग शामिल हैं।
दो पहिया वाहनों के लिए हरिओमनगर चौराहा के पास पीएनबी बैंक के बगल वाली गली में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
भारी वाहनों की नो-एंट्री का समय भी बदला
4 नवंबर को भारी वाहनों के लिए दोपहर में खुलने वाली नो-एंट्री व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। इस दिन दोपहर में नो-एंट्री नहीं खुलेगी। भारी वाहनों को रात 11 बजे के बाद ही आवागमन की अनुमति मिलेगी।
एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को डायवर्जन से मुक्त रखा जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 4 नवंबर को अनावश्यक रूप से डायवर्जन वाले रास्तों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
GPN News | गोरखपुर की हर खबर सबसे पहले













