Sunday, May 12, 2024
सुखविंदर सिंह सुक्खू होगे नए मुख्यमंत्री
हिमाचल प्रदेश: आलाकमान की तरफ से सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद शनिवार शाम शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सुक्खू को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। शपथ ग्रहण आज है।
हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का रास्ता आखिरकार दिल्ली की हरी झंडी से शनिवार को साफ हो गया है। चार बार के विधायक और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का 15वां मुख्यमंत्री घोषित किया गया। इसके अलावा मौजूदा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। वहीं, प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गईं। रविवार को शिमला के रिज मैदान पर दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। अब जल्द मंत्रियों के नाम तय होंगे।
शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल ने एक सिंगल लाइन प्रस्ताव बनाकर कांग्रेस आलाकमान को दिल्ली भेजा था। आलाकमान ने तय करना था कि मुख्यमंत्री कौन होगा। इसके बाद शनिवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में फिर से कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक 5:00 बजे शुरू हुई। इसमें सुक्खू खेमे सहित कांग्रेस के ज्यादातर विधायक शामिल हुए। मुकेश अग्निहोत्री इस बैठक में देरी से करीब 5:45 बजे पहुंचे। वह होटल सिसिल में अपने कुछ समर्थक विधायकों के साथ बैठक करते रहे। शिमला में प्रतिभा वीरभद्र सिंह गुट के कुछ नेताओें ने सुक्खू के खिलाफ नारे भी लगाए। हालांकि, सुक्खू को मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री घोषित करने के बाद माहौल कुछ शांत हो गया।
सर्वसम्मति से सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधायक दल के नेता चुन लिए गए हैं। सुक्खू मुख्यमंत्री होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होेेंगे।
- राजीव शुक्ला, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी
GPN News | All right Reserved 2024