रुड़की: लिव इन पार्टनर पर लगाया अपने बेटे की हत्या का आरोप

अपने उम्र से 12 साल छोटे युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी महिला
लोगो को अपना बेटा बताकर रखा था
सगे बेटे को मारने का लगाया आरोप
रुड़की (उत्तराखण्ड): रुड़की में लिव इन में रह रही महिला ने अपने ही पार्टनर पर अपने बेटे को मारने का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप में कहा कि आरोपी ने उसके बेटे को मारकर उसके शव को गंगानहर में फेंक दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला और युवक 9 साल से लिव इन में रह रही थी।
जांच में पता चला कि महिला ने युवक के साथ अपने संबंधों को मां और बेटा बताकर रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
आरोपी और महिला 9 साल से थे साथ
पुलिस से मिली जानकारी गाजियाबाद की रहने वाली 40 वर्षीय मुस्कान, दिल्ली निवासी 28 वर्षीय कासिफ के साथ 9 साल लिव इन रिलेशन में थी। वह 9 साल से पिरान कलियर में आसिफ के साथ अपने बेटे 12 वर्षीय अयान को लेकर किराए में रह रही थी। आरोपी कासिफ और महिला दोनों दूर के रिश्तेदार हैं। दोनों की मुलाकात दिल्ली में ही एक रिश्तेदारी में हुई थी। कासिफ कलियर में रहकर ही मजदूरी कर रहा था।
दोनों के बीच हुआ था विवाद
महिला ने आसपास के लोगों को कासिफ को अपना बड़ा बेटा बता रखा था। पुलिस को भी महिला ने कासिफ को अपना बड़ा बेटा बताया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो सारा सच सामने आ गया। महिला ने पुलिस को बताया कि बीते शुक्रवार की रात उसका प्रेमी के साथ विवाद हो गया। वह प्रेमी के मारपीट करने के डर से दरगाह परिसर में जाकर सो गई।
सुबह बेटा मिला गायब
रविवार की सुबह जब वह वापस कमरे पर आई तो बेटे को गायब देखा। उसने प्रेमी से बेटे के बारे में पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद महिला और कासिफ ने बेटे की तलाश शुरू की। महिला ने सीसीटीवी कैमरे चेक करने की बात कही तो कासिफ गायब हो गया।
हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को कंबल की पोटली में रखकर गंगनहर में फेंक दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कासिफ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस और जल पुलिस को गंगनहर में शव की तलाश करने के निर्देश दिए।